अघोषित बिजली कटौती से करणी इंडस्ट्रियल एरिया बेहाल, रोज़ाना लाखों का नुकसान

बीकानेर राजस्थान
Spread the love
https://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2023/11/nvvoqa38.pnghttps://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2024/06/20240619_101620.pnghttps://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2024/12/IMG_20241216_191235.png

 

बीकानेर, 27 अप्रैल।करणी इंडस्ट्रियल एरिया में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती ने उद्योगों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। बिना पूर्व सूचना बिजली बंद होने से उत्पादन कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और उद्योगपतियों को प्रतिदिन लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है।

उद्योग जगत का कहना है कि अचानक बिजली कटने से मशीनें ठप हो जाती हैं, जिससे उत्पादन प्रक्रिया रुक जाती है और समय पर ऑर्डर पूरे करना मुश्किल हो जाता है। इसके साथ ही श्रमिकों का समय भी व्यर्थ जा रहा है, जिससे लागत में अनावश्यक बढ़ोतरी हो रही है।

कटौती के चलते उत्पादन लागत बढ़ने से तैयार माल महंगा पड़ रहा है, जिससे बाजार में प्रतिस्पर्धा बनाए रखना उद्योगों के लिए चुनौती बन गया है। उद्योगपतियों के अनुसार, मात्र एक घंटे की बिजली कटौती से ही लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है।

इसी मुद्दे को लेकर करणी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के उपाध्यक्ष इमरान राठौड़ ने डी-6 के ए.ई.एन. प्रवीण विश्नोई को ज्ञापन सौंपा। इस पर विश्नोई ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

एसोसिएशन ने मांग की है कि अघोषित बिजली कटौती पर तुरंत रोक लगाई जाए। यदि कटौती जरूरी हो, तो पूर्व सूचना दी जाए ताकि उद्योग अपने कार्य का उचित प्रबंधन कर सकें। राठौड़ ने चेतावनी दी कि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो सख्त कदम उठाए जाएंगे।