
बीकानेर, 27 अप्रैल।बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए सोमवार को जिला कलक्टर सभागार में टास्क फोर्स की त्रैमासिक बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला कलेक्टर (नगर) रमेश देव ने की।
बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए एक्शन प्लान को मंजूरी दी गई, जिसमें बेटियों और महिलाओं के लिए पॉडकास्ट, टॉक शो, साक्षात्कार, कार्यशालाएं और जागरूकता कार्यक्रम जैसे नवाचार शामिल किए गए हैं।
अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि स्कूलों में POCSO एक्ट पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएं और IEC गतिविधियों के तहत कैरम बोर्ड भी उपलब्ध कराए जाएं।
जिला महिला समाधान समिति की समीक्षा में सामने आया कि 9 महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्रों में 808 प्रकरण दर्ज हुए, जिनमें से 753 का निस्तारण किया जा चुका है। साथ ही इन केंद्रों के संचालन की अवधि एक वर्ष बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में सखी वन स्टॉप सेंटर की स्थिति पर भी चर्चा हुई। पीबीएम अस्पताल स्थित केंद्र का भवन निर्माण जारी है, जबकि दूसरे केंद्र में स्टाफ की कमी को लेकर जल्द नियुक्ति के निर्देश दिए गए।
अध्यक्ष ने लाडो एवं उड़ान योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया।
इस दौरान बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत तैयार गतिविधियों की पुस्तक “शक्ति सर्जन 2.0” का विमोचन भी किया गया।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, महिला अधिकारिता विभाग के प्रतिनिधि और सखी सेंटर के प्रबंधक उपस्थित रहे
