बीकानेर, 12 फरवरी। लूणकरणसर में आयोजित हो रहा राज्यस्तरीय पशु मेला गुरुवार को संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वृताधिकारी पुलिस श्री रणवीर सिंह, विशिष्ट अतिथि पशुपालन विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ. कुलदीप चौधरी, मेला सचिव एवं पशुपालन विभाग संयुक्त निदेशक डॉ. बीरमा राम, समाजसेवी श्री राजाराम धतरवाल एवं श्री प्रकाश नाथ उपस्थित रहे।
अतिथियों ने विभिन्न पशु प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय रहे पशुपालकों को पुरस्कार और प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र दिए। इस दौरान रंगोली, मेहंदी, कबड्डी, रस्सा-कस्सी की विजेता टीमों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र दिए गए। योग प्रदर्शन में भाग लेने वाले समस्त 6 स्कूलों के विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
मेले के आयोजन के लिए विभिन्न समितियों के प्रभारियों और उनके सदस्यों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त निदेशक पशुपालन विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ कुलदीप चौधरी ने मेले के सफल और भव्य आयोजन के लिए मेला सचिव एवं उनकी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन पशुपालकों को मंच प्रदान करते हैं। यह क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था और संस्कृति को भी मजबूती देते हैं।
कार्यक्रम के अंत में मेला सचिव डॉ. बीरमाराम ने सभी आगंतुक अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने दूर-दराज से आए पशुपालकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी भागीदारी ही मेले की असली सफलता है। उन्होंने कहा कि पशुपालन विभाग के उन समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों को दिन-रात मेहनत कर इस आयोजन को सफल बनाया।
