बीकानेर, 12 अगस्त। हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय तिरंगा बाइक रैली बुधवार प्रातः 9:15 बजे मेजर पूर्ण सिंह सर्किल से रवींद्र रंगमंच, कलेक्ट्रेट परिसर, जूनागढ़, कीर्ति स्तंभ होते हुए डॉ. करणी सिंह स्टेडियम तक निकाली जाएगी। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहनलाल ने बताया कि इसमें खिलाड़ी, स्काउट गाइड़, एनसीसी, एनएसएस कैडेट्स, कार्मिक तथा आमजन की भागीदारी रहेगी। उन्होंने बताया कि रैली के दौरान ‘हम एक साथ हैं’ की भावना के साथ प्रत्येक व्यक्ति को राष्ट्रवाद का संदेश दिया जाएगा। रैली की समाप्ति पर डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में तिरंगा कैनवास लगाया जाकर देशभक्ति का संदेश दिया जाएगा। इस पर आम जन द्वारा हस्ताक्षर करते हुए प्रेम देश प्रेम की भावना लिखी जाएगी। उन्होंने बताया कि मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी इसके प्रभारी तथा जिला खेल अधिकारी सहप्रभारी होंगे। वे सभी विभागों से समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम संचालित करेंगे।
*राजकीय डूंगर कॉलेज में ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ बुधवार को*
हर घर तिरंगा अभियान के तहत राजकीय डूंगर महाविद्यालय में बुधवार प्रातः 11 बजे ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया जाएगा। डूंगर कॉलेज प्राचार्य डॉ. राजेंद्र पुरोहित ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देशानुसार आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थी, संकाय सदस्य एवं विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य भाग लेंगे। साथ ही एनसीसी, एनएसएस और रोवर इकाइयों की भी उपस्थिति रहेगी। बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त अपर्णा गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। प्राचार्य प्रो. पुरोहित ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं नागरिकों से यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है।

