

वातावरणीय सततता एवं विकिरण विषाक्तता पर 15 देशों के 700 वैज्ञानिक एवं शिक्षाविद करेगे मंथन।
अनुशासित वाणी, बीकानेर, 25 नवम्बर, 2026। संभाग के सबसे बड़े राजकीय डूंगर महाविद्यालय, बीकानेर में 27 एवं 28 नवम्बर, 2026 को वातावरणीय सततता एवं विकिरण विषाक्तता जैसे महत्वपूर्ण समसामयिक विषयों पर दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। महाविद्यालय के प्राणिशास्त्र विभाग एवं इंडियन सोसायटी फॉर रेडिएशन बायोलॉजी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में चार महाद्वीपों के 15 देशों से लगभग 700 वैज्ञानिक, शिक्षाविद, शोधार्थी एवं विद्यार्थी ऑनलाइन तथा ऑफलाइन माध्यम से सहभागिता करेंगे।
आयोजन सचिव प्रो. ममता शर्मा ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य तेजी से बदलते पर्यावरण, बढ़ते प्रदूषण, पर्यावरणीय असंतुलन तथा मानव स्वास्थ्य एवं जैविक तंत्र पर विकिरण के दुष्प्रभावों का वैज्ञानिक विश्लेषण करना है। सम्मेलन में इन चुनौतियों के समाधान, पर्यावरण संरक्षण तथा विकिरण से बचाव के नवीनतम शोध एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोणों पर व्यापक विचार-विमर्श होगा। कश्मीर से कन्याकुमारी तक देश के विभिन्न राज्यों तथा संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा, फिलीपींस, संयुक्त अरब अमीरात, मलेशिया, मिस्र एवं तंजानिया सहित 15 देशों के प्रतिनिधियों ने पंजीकरण कराया है।
सम्मेलन में छह तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें लगभग 30 प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय आमंत्रित वक्ता अपने शोध निष्कर्ष एवं वैज्ञानिक विचार प्रस्तुत करेंगे।
प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय वक्ताओं में डॉ. क्रिस्टीना एडम्स (संयुक्त राज्य अमेरिका), प्रो. राज नारनवरे (कनाडा), प्रो. अनिसलाग (फिलीपींस), डॉ. प्रेम अधीश लेखी (मलेशिया), प्रो. मोना तमन (मिस्र) तथा सुश्री अनुपम सक्सेना, अटॉर्नी (तंजानिया) शामिल हैं।
राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय विशेषज्ञों में श्री तरुण मेहरा, उप वन संरक्षक (वन्यजीव), बीकानेर; श्री श्रवण सिंह राठौड़, वनतारा, जामनगर; प्रो. सी. उपेंद्र राव, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली; प्रो. अनुपमा दीवान, डीन, स्कूल ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज, एपीजे सत्य विश्वविद्यालय, गुरुग्राम तथा डॉ. चंद्र मोहन, के.आर. मंगलम विश्वविद्यालय, गुरुग्राम सहित अनेक प्रतिष्ठित वैज्ञानिक एवं शिक्षाविद भाग लेंगे।
सम्मेलन की संयोजक डॉ. अर्चना पुरोहित ने बताया कि इंडियन सोसायटी फॉर रेडिएशन बायोलॉजी के उपाध्यक्ष प्रो. अरुण चोगले सहित अनेक विशेषज्ञ विकिरण के जैविक प्रभावों, उससे उत्पन्न स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों तथा बचाव के वैज्ञानिक उपायों पर शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे। युवा शोधार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए श्रेष्ठ पोस्टर प्रस्तुतियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त सम्मेलन के अवसर पर स्मारिका एवं भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित पुस्तक का विमोचन भी किया जाएगा।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राजेन्द्र पुरोहित ने बताया कि सम्मेलन का उद्घाटन 27 नवम्बर को प्रातः 10:30 बजे महाविद्यालय के प्रताप सभागार में होगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि बीकानेर पश्चिम के विधायक श्री जेठानन्द व्यास होंगे। राजूवास के कुलगुरु डॉ. सुमन्त व्यास एवं नई दिल्ली के प्रो. सी. उपेंद्र राव विशिष्ट अतिथि होंगे, जबकि महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
सम्मेलन का समापन समारोह 28 नवम्बर को अपराह्न 3:30 बजे आयोजित होगा। इसमें बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग मुख्य अतिथि होंगे। मलेशिया के प्रो. प्रेम अधीश लेखी एवं मुख्य वन संरक्षक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। समारोह की अध्यक्षता टांटिया विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. एम.एम. सक्सेना करेंगे।
प्रो. ममता शर्मा ने बताया कि सम्मेलन के विभिन्न तकनीकी सत्रों में हुए विचार-विमर्श एवं प्राप्त वैज्ञानिक निष्कर्षों को संकलित कर एक विस्तृत रिपोर्ट राज्य सरकार को प्रेषित की जाएगी। इसमें पर्यावरणीय सततता, प्रदूषण नियंत्रण, जैव विविधता संरक्षण तथा विकिरण के दुष्प्रभावों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव सम्मिलित किए जाएंगे।
यह अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन न केवल पर्यावरण संरक्षण एवं मानव स्वास्थ्य से जुड़ी वैश्विक चुनौतियों पर वैज्ञानिक संवाद का महत्वपूर्ण मंच बनेगा, बल्कि बीकानेर एवं राजकीय डूंगर महाविद्यालय को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय शैक्षणिक मानचित्र पर नई पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। महाविद्यालय प्रशासन ने सभी प्रबुद्ध नागरिकों, वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों से इस ज्ञानवर्धक आयोजन में सहभागिता का आह्वान किया है।
