जोधपुर में गुरुदेव सियाग के शिष्य 23 नवंबर को निकलेंगे नशा मुक्ति वाहन रैली

बीकानेर राजस्थान
Spread the love
https://https://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2026/05/WhatsApp-Image-2026-05-30-at-2.27.10-PM-1.jpeghttps://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2024/06/20240619_101620.png

जोधपुर मे 24 नवंबर को मनेगा सद्गुरुदेव रामलाल जी सियाग का 101वां अवतरण दिवस महोत्सव

 

 

अनुशासित वाणी न्यूज़, जोधपुर 22 नवंबर 2026। अध्यात्म विज्ञान सत्संग केन्द्र, जोधपुर की ओर से समर्थ सद्गुरुदेव श्री रामलाल जी सियाग के 101वें अवतरण दिवस महोत्सव एवं जन शताब्दी वर्ष समापन समारोह के उपलक्ष्य में दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत 23 नवंबर को नशामुक्ति जागरूकता वाहन रैली निकाली जाएगी, वहीं 24 नवंबर को आश्रम परिसर में भव्य अवतरण दिवस महोत्सव एवं जन शताब्दी वर्ष समापन समारोह होगा।

 

केन्द्र की ओर से 23 नवंबर, सोमवार को सुबह 10 बजे भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के नशामुक्त भारत अभियान के तहत विशाल वाहन रैली निकाली जाएगी। रैली का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। रैली के माध्यम से शराब, तंबाकू, सिगरेट, अफीम, गुटखा सहित अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक नुकसान के प्रति जागरूक किया जाएगा।

 

वहीं 24 नवंबर, मंगलवार को सुबह 11 बजे अध्यात्म विज्ञान सत्संग केन्द्र, जोधपुर आश्रम में भव्य अवतरण दिवस महोत्सव आयोजित होगा। इसमें देश-विदेश से हजारों साधकों के शामिल होने की संभावना है। इस अवसर पर सामूहिक संजीवनी मंत्र जप एवं ध्यान का विशेष आयोजन होगा। साधक सामूहिक साधना के माध्यम से गुरुदेव के प्रति श्रद्धा एवं समर्पण व्यक्त करेंगे।

 

केन्द्र के मीडिया प्रभारी एडवोकेट चन्द्र सिंह ने बताया कि महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विभिन्न राज्यों एवं विदेशों से आने वाले साधकों के स्वागत, आवास, भोजन, सत्संग सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है। आयोजन को लेकर साधकों एवं श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।

 

उन्होंने बताया कि अध्यात्म विज्ञान सत्संग केन्द्र के संस्थापक एवं संरक्षक समर्थ सद्गुरुदेव श्री रामलाल जी सियाग ने सिद्धयोग साधना के माध्यम से मानव जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त किया है। गुरुदेव का सिद्धयोग दर्शन नाथ संप्रदाय के महायोगियों की योग परंपरा पर आधारित है। इस साधना पद्धति में गुरु द्वारा शक्तिपात दीक्षा के माध्यम से साधक की कुण्डलिनी शक्ति जाग्रत करने की प्रक्रिया बताई गई है। नियमित संजीवनी मंत्र जप एवं ध्यान के माध्यम से साधकों में मानसिक शांति, आत्मबल एवं आत्मानुशासन विकसित करने पर जोर दिया जाता है।

 

भारतीय योग दर्शन के अनुसार महर्षि पतंजलि ने योग को चित्त की वृत्तियों का निरोध बताया है। योग का उद्देश्य केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मनुष्य का शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास है। गुरुदेव श्री रामलाल जी सियाग का सिद्धयोग इसी व्यापक योग दर्शन को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बन रहा है।

 

केन्द्र के अनुसार अमेरिका, ब्रिटेन, इजराइल सहित अनेक देशों में सिद्धयोग का प्रचार-प्रसार हो रहा है। इसके साथ ही विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों में योग, ध्यान तथा नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

 

अध्यात्म विज्ञान सत्संग केन्द्र ने नागरिकों, युवाओं, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवकों एवं गुरुदेव के अनुयायियों से दोनों आयोजनों में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।