

बीकानेर। यातायात पुलिस के एक कांस्टेबल ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए सड़क पर मिला नकदी और कीमती आभूषणों से भरा पर्स उसके मालिक को लौटाया।
जानकारी के अनुसार, 15 नवंबर 2026 को चौधरी भीमसेन सर्किल पर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए कांस्टेबल रामसिंह (1644) की ड्यूटी लगी हुई थी। दोपहर करीब 1 बजे एक राहगीर ने उन्हें सर्किल पर एक महिला का लावारिस पर्स पड़ा होने की जानकारी दी। कांस्टेबल ने पर्स खोलकर देखा तो उसमें करीब 7 से 8 हजार रुपए नकद, सोने-चांदी के कीमती आभूषण और जरूरी दस्तावेज मिले।
इसके बाद कांस्टेबल रामसिंह ने तकनीकी सहायता और पर्स में मिले दस्तावेजों के आधार पर पर्स मालिक की तलाश शुरू की। पर्स धनेरू निवासी एक महिला का होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने उसके परिजनों से संपर्क कर सूचना दी और पर्स प्राप्त करने के लिए बुलाया।
सूचना मिलने पर महिला अपने परिजनों के साथ भीमसेन सर्किल पहुंची। कांस्टेबल रामसिंह ने ईमानदारी का परिचय देते हुए नकदी, आभूषण और जरूरी दस्तावेजों सहित पूरा पर्स महिला को सुपुर्द कर दिया।
महिला ने बताया कि बीकानेर से गांव जाते समय रास्ते में उसका पर्स गिर गया था। पर्स वापस मिलने पर उसने खुशी जताते हुए यातायात पुलिस का आभार व्यक्त किया।
यातायात पुलिस की आमजन से अपील
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों की पालना करने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने और वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करने की अपील की है। साथ ही दुकानदारों से सड़क पर सामान नहीं रखने तथा सड़क पर सामान बेचकर यातायात बाधित नहीं करने का आग्रह किया है। पुलिस ने आमजन से सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
