

बीकानेर, 6 अक्टूबर 2026।
बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने राजस्थान सरकार के पूर्व उच्च शिक्षा एवं विद्युत मंत्री तथा पूर्व विधायक श्री भंवर सिंह भाटी के पूज्य पिताश्री स्वर्गीय श्री रघुनाथ सिंह जी भाटी के निधन पर उनके पैतृक निवास हदां (कोलायत) पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की तथा दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।इस अवसर पर मंडल के अध्यक्ष श्री जुगल राठी, उपाध्यक्ष श्री वेद प्रकाश अग्रवाल एवं श्री मेघाराम गोदारा, सह सचिव श्री इमरान राठौड़, प्रचार मंत्री श्री सुशील कुमार यादव, श्री जनक प्रसाद हर्ष, श्री साजिद सुलेमानी, श्री रानीदान सहित मंडल के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
मंडल अध्यक्ष श्री जुगल राठी ने कहा कि स्वर्गीय रघुनाथ सिंह भाटी का सम्पूर्ण सार्वजनिक जीवन जनसेवा, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्र के विकास के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने विभिन्न सार्वजनिक दायित्वों पर रहते हुए आमजन के हितों तथा ग्रामीण क्षेत्र के विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। हदां ग्राम पंचायत के सरपंच, कोलायत पंचायत समिति के प्रधान तथा बीकानेर के उपजिला प्रमुख जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हुए उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं को समझा और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय रघुनाथ सिंह जी भाटी का सरल, सहज एवं मिलनसार व्यक्तित्व तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के प्रति आत्मीय व्यवहार उन्हें विशिष्ट बनाता था। जनसेवा के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्य एवं सामाजिक योगदान सदैव स्मरणीय रहेंगे।
मंडल के पदाधिकारियों ने शोक संतप्त श्री भंवर सिंह भाटी एवं समस्त भाटी परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस अपूरणीय क्षति की घड़ी में पूरा व्यापार एवं उद्योग जगत परिवार के साथ खड़ा है।
इस अवसर पर मंडल की ओर से यह भी कहा गया कि स्वर्गीय रघुनाथ सिंह भाटी की जनसेवा एवं विकास की विरासत को आगे बढ़ाते हुए श्री भंवर सिंह भाटी का बीकानेर एवं कोलायत क्षेत्र के विकास में योगदान भविष्य में भी निरंतर महत्वपूर्ण एवं अहम बना रहेगा। उनके अनुभव और जनसेवा के प्रति समर्पण से क्षेत्र को सदैव लाभ मिलता रहेगा।
अंत में सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परमात्मा से शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
प्रेषक
संजय जैन सांड
