

अनुशासित वाणी न्यूज़, बीकानेर 3 अक्टूबर 2026। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने दायित्व ग्रहण करते समय विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों को स्पष्ट संदेश दिया था कि नाॅन अटेंडिग व्यवस्था को खत्म करते हुए विद्याथियों की नियमित रूप से कक्षाएं आयोजित कराई जावे। उन्हें योग्य शिक्षकों के माध्यम से अध्यापन कार्य करवाते हुए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जावें। उसी संदेश के तहत आज दिनांक 03-10-2026 को कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने विश्वविद्यालय क्षेत्राधिकार के अधीन भादरा स्थित श्री श्याम महिला महाविद्यालय, श्री श्याम सह शिक्षा महाविद्यालय, श्री श्याम शिक्षक-प्रशिक्षण महाविद्यालय, श्री बाल गंगाधर तिलक महाविद्यालय, एकलव्य महाविद्यालय एवं श्री गोदारा शिक्षक-प्रशिक्षण महाविद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया।
विश्वविद्यालय मीडिया प्रभारी डाॅ. उमेश शर्मा ने बताया कि कुलगुरु के निरीक्षण के दौरान उक्त महाविद्यालयों में शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाॅफ, विद्यार्थी उपस्थित नही पाये गए। निरीक्षण में श्री श्याम शिक्षण संस्थान द्वारा रिकार्ड भी उपलब्ध नही करवाया। इसके कुलगुरु ने तत्काल कार्यवाही करते हुए उक्त महाविद्यालयों के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश प्रदान किये। कुलगुरु ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के लिए विद्यार्थी हित सर्वोपरी है उसी भावना के दृष्टिगत सम्बद्ध महाविद्यालयों को नियमित रूप से पात्र शिक्षकों के माध्यम से अध्यापन कार्य करवाना पडेगा। सम्बद्धता शर्तो की पूर्ति करते हुए विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करानी होगी। यदि किसी महाविद्यालय द्वारा निर्देशों की अवहेलना की जाएगी तो उस महाविद्यालय के विरूद्ध नियमानुसार समबद्धता समाप्ति की कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
