

बीकानेर। बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल ने 28 से 30 सितंबर 2026 की प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का कड़ा विरोध करते हुए केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर हड़ताल स्थगित कराने की मांग की है।
मंडल के अध्यक्ष जुगल राठी ने कहा कि लगातार तीन दिन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने से व्यापार एवं उद्योग जगत को भुगतान एवं प्राप्तियों में देरी, चेक क्लियरेंस रुकने, कार्यशील पूंजी (Working Capital) का चक्र प्रभावित होने, सप्लायरों को भुगतान में विलंब तथा माल की खरीद-आपूर्ति में बाधा जैसी व्यावहारिक एवं आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। विशेष रूप से 30 सितंबर की Half-Yearly Closing होने के कारण इसका प्रभाव और गंभीर हो सकता है।
मंडल के सचिव संजय जैन सांड ने कहा कि बैंकिंग लेनदेन में व्यवधान का सीधा असर व्यापारियों एवं उद्योगों के Cash Flow पर पड़ता है। समय पर भुगतान नहीं होने से ब्याज, लेट पेमेंट चार्ज तथा अन्य वित्तीय लागत बढ़ सकती है और MSME इकाइयों की दैनिक कारोबारी गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि बैंक कर्मचारियों की मांगों का समाधान वार्ता एवं संवाद के माध्यम से होना चाहिए; व्यापार एवं उद्योग को लगातार तीन दिन बैंकिंग व्यवधान का सामना करना उचित नहीं है।
मंडल ने सरकार, वित्त मंत्रालय एवं बैंकिंग संस्थाओं से हड़ताल तत्काल स्थगित कराने, आवश्यक बैंकिंग सेवाएं निर्बाध रखने तथा भविष्य में ऐसे निर्णयों से पूर्व व्यापार एवं उद्योग संगठनों से परामर्श की व्यवस्था करने की मांग की है।
बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल ने प्रस्तावित हड़ताल के प्रति अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
