मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व विपक्ष का ताबड़तोड़ हमला, विकास कार्यों के लिए 1000 करोड़ रूपयों की मांग

बीकानेर राजस्थान
Spread the love
https://https://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2026/05/WhatsApp-Image-2026-05-30-at-2.27.10-PM-1.jpeghttps://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2024/06/20240619_101620.png

 

 

बिशनाराम सियाग और मदनगोपाल मेघवाल ने जिले व शहर की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग उठाई

बीशनाराम सियाग ने गोचर-ओरण, खेजड़ी, किसान, शिक्षा और विकास के मुद्दे उठाए।

 

अनुशासित वाणी न्यूज़ बीकानेर, 13अगस्त 26।मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के बीकानेर आगमन से पहले कांग्रेस नेताओं ने जिले और शहर की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर सरकार से ठोस घोषणाएं करने की मांग की है। बिशनाराम सियाग ने मुख्यमंत्री से बीकानेर के विकास के लिए ’’एक हजार करोड़ रुपये का विशेष पैकेज’’ देने की घोषणा करने का आग्रह किया। वहीं मदनगोपाल मेघवाल ने बीकानेर शहर की सड़क, पानी, बिजली, चिकित्सा, सफाई, कानून व्यवस्था और यातायात सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर सरकार पर सवाल उठाए।

 

गोचर-ओरण और खेजड़ी संरक्षण की मांग

बिशनाराम सियाग ने कहा कि बीडीए के अधीन करीब 40 हजार बीघा गोचर भूमि, जिसमें 188 खसरों का उल्लेख है, उसे वापस राजस्व रिकॉर्ड में गोचर भूमि के रूप में दर्ज किया जाए। उन्होंने पूरे राजस्थान में खेजड़ी के पेड़ों की कटाई पर पूर्ण रोक लगाने के लिए कठोर खेजड़ी बचाओ एक्ट बनाने की मांग की।

 

चिकित्सा सुविधाओं में सुधार की मांग

 

सियाग ने बीकानेर ग्रामीण क्षेत्र के जीर्ण-शीर्ण उपस्वास्थ्य केंद्रों के जीर्णाेद्धार के लिए बजट देने, स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त दवाइयां उपलब्ध करवाने तथा नोखा में जिला अस्पताल और श्रीडूंगरगढ़ में ट्रॉमा सेंटर शुरू करने की मांग की। उन्होंने जिले के अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी दूर करने तथा पीबीएम अस्पताल के लिए 200 करोड़ रुपये की घोषणा करने की मांग की, जिससे यूरोलॉजी, एसएसबी, एमसीएच और जनाना वार्ड का जीर्णाेद्धार हो सके। इसके अलावा हार्ट हॉस्पिटल में बाईपास सर्जरी की सुविधा शुरू करने तथा पीबीएम में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की।

 

शिक्षा के क्षेत्र में ग्रामीण स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने और जर्जर विद्यालय भवनों के जीर्णाेद्धार एवं पुनर्निर्माण के लिए बजट उपलब्ध करवाने की मांग की गई।

 

किसानों के मुद्दे भी उठाए

सियाग ने खाद-बीज में भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच, यूरिया-डीएपी एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता, किसानों को फसल बीमा क्लेम दिलाने और नहरी किसानों के लिए पर्याप्त पानी की व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने कातरा लट से फसलों को हुए नुकसान का मुआवजा देने की भी मांग की।

बीकानेर में घोषित सिरेमिक हब को लेकर उन्होंने कहा कि खनन का कच्चा माल उपलब्ध होने के बावजूद गैस पाइपलाइन की घोषणा कई बार हो चुकी है, लेकिन धरातल पर काम शुरू नहीं हुआ। उन्होंने गैस पाइपलाइन का कार्य शुरू करने की मांग करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

 

सड़क विकास को लेकर बीकानेर-कोटपूतली ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का काम शुरू करने तथा लक्ष्मणगढ़-बीकानेर फोरलेन की घोषणा करने की मांग भी रखी गई।

 

शहर की समस्याओं को लेकर मदनगोपाल मेघवाल ने उठाए सवाल

 

मदनगोपाल मेघवाल ने मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान शहर में होने वाली व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि 2023 में प्रधानमंत्री के दौरे के समय बैरिकेडिंग के लिए खोदे गए गड्ढों को मुख्यमंत्री के दौरे से पहले खानापूर्ति के तौर पर भरा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के काफिले के गुजरने वाले मार्गों पर ही नाममात्र का डामरीकरण किया जा रहा है, जबकि शहर की अन्य टूटी सड़कों की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा।

 

उन्होंने शहर में गंदे पानी की समस्या, स्वीकृत 16 पानी की टंकियों का काम शुरू नहीं होने तथा आवारा पशुओं और पब्लिक पार्क क्षेत्र में बंदरों के आतंक का मुद्दा उठाया।

 

बिजली व्यवस्था पर भी सवाल

 

मेघवाल ने बीकेईएसएल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि एमओयू के अनुसार मेंटेनेंस नहीं होने, ट्रांसफॉर्मरों की तारबंदी नहीं होने, वीसीआर के नाम पर आमजन में भय की स्थिति, बिजली कटौती और नए मीटरों से जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि एफआरटी टीमों की संख्या 30 से घटाकर चार किए जाने से बिजली के फॉल्ट समय पर ठीक नहीं हो पा रहे हैं।

 

अस्पतालों में सुविधाओं की कमी का आरोप

 

मेघवाल ने कहा कि गंगाशहर-चौखूंटी स्थित राजकीय सैटेलाइट अस्पताल में स्टाफ की कमी और लेबर रूम शुरू नहीं होने से बड़ी आबादी प्रभावित है। उन्होंने अस्पताल में कार्यरत गार्ड व अन्य स्टाफ को समय पर मजदूरी नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया।

 

उन्होंने गंगाशहर और मुक्ताप्रसाद कॉलोनी की सीएचसी में स्टाफ, उपकरण और संसाधनों की कमी तथा पीबीएम अस्पताल में जांच, दवाइयों, इंजेक्शन, कैनूला, गौज, पट्टी और ग्लव्ज की कमी का आरोप लगाया। अस्पतालों में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर करने की मांग भी की।

 

सीवरेज और सफाई व्यवस्था पर नाराजगी

 

मेघवाल ने कहा कि गलत सीवरेज लाइनिंग के कारण कई स्थानों पर चौंबरों से गंदा पानी सड़कों पर आ रहा है और लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के वार्ड में भी गंदे पानी की समस्या होने का दावा किया।

 

उन्होंने गंगाशहर और भीनासर की पुरानी नगरपालिकाओं को बंद किए जाने से लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए परेशान होने तथा सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति में कांग्रेस पार्षदों के साथ भेदभाव का आरोप भी लगाया।

 

कानून व्यवस्था और नशे पर चिंता

 

मेघवाल ने कहा कि बीकानेर जैसे शांत क्षेत्र में चोरी, लूट, बलात्कार और छीनाझपटी जैसी घटनाओं को लेकर आमजन चिंतित है। उन्होंने युवाओं में बढ़ते नशे के प्रभाव और स्मैक, चिट्टा, शराब सहित नशीले पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की। हालांकि उन्होंने पुलिस अधीक्षक द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ से आमजन को उम्मीद बंधने की बात कही।

 

यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग

 

उन्होंने प्रमुख सिग्नल प्वाइंट्स पर पुलिसकर्मियों की तैनाती, यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा तंग गलियों और मार्गों पर आवश्यकतानुसार एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू करने की मांग की।

 

इसके अलावा बीडीए कार्यालय को शहर से दूर जोहड़-बीड़ क्षेत्र में ले जाने की योजना पर पुनर्विचार करने, टूटी सड़कों, नालियों और सीवरेज व्यवस्था में सुधार करने तथा टेक्नोक्राफ्ट कंपनी की कार्यप्रणाली की समीक्षा करने की मांग उठाई।

 

मेघवाल ने शहरी क्षेत्रों में लगाए गए सेवा शिविरों की उपयोगिता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आमजन को अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने महापुरुषों की मूर्तियों और पार्कों की दुर्दशा दूर कर उनके रखरखाव की उचित व्यवस्था करने की मांग की।

 

दोनों जिलाध्यक्षों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से आग्रह किया कि बीकानेर प्रवास के दौरान केवल औपचारिक घोषणाओं तक सीमित न रहते हुए जिले और शहर की इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए बजट, समयबद्ध कार्ययोजना और संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं।

 

प्रेसवार्ता के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष यशपाल गहलोत, प्रहलादसिंह मार्शल,रमजान कच्छावा, आनन्दसिंह सोढ़ा, सुभाष स्वामी, सांवरलाल भादू, राहुल जादुसंगत, कामेश्वरप्रताप सिंह सहित अनेक कांग्रेसजन मौजूद रहें।