

अनुशासित वाणी न्यूज़, नई दिल्ली/काठमांडू, 8 अगस्त 2026। खेल, स्वास्थ्य सेवा एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए बीकानेर की बास्केटबॉल खिलाड़ी एवं सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. निशा लिंबा को अंतरराष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया है। 7 अगस्त 2026 को गांधी पीस फाउंडेशन, नेपाल की ओर से उन्हें “Honorary Doctorate in Sports & Health Care” की मानद डॉक्टरेट उपाधि प्रदान की गई। यह सम्मान Gandhian Society International के तत्वावधान में दिया गया।
डॉ. निशा लिंबा लंबे समय से खेल एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। वे बीकानेर जिला नेटबॉल संघ की सचिव के रूप में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। इसके साथ ही वे नशा मुक्ति अभियान में भी बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर रही हैं।
खेल, स्वास्थ्य एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उनके समर्पण और उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए मिला यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान उनके लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मानद डॉक्टरेट मिलने की सूचना के बाद उनके सहयोगियों, खिलाड़ियों, परिचितों एवं शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. निशा लिंबा ने गांधी पीस फाउंडेशन, नेपाल एवं गांधी सरदार फाउंडेशन का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय सम्मान व्यक्ति को अपने कर्तव्य के प्रति और अधिक समर्पण, ऊर्जा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। यह सम्मान मुझे भविष्य में समाज, खेल एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।”
डॉ. निशा लिंबा की यह उपलब्धि उनके व्यक्तिगत जीवन की गौरवपूर्ण उपलब्धि होने के साथ-साथ बीकानेर एवं राजस्थान के लिए भी गर्व का विषय है। उनकी इस उपलब्धि से खेल और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में कार्य कर रहे युवाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
