बीकानेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई रोहित गोदारा नेटवर्क का बड़ा खुलासा

बीकानेर राजस्थान
Spread the love
https://https://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2026/05/WhatsApp-Image-2026-05-30-at-2.27.10-PM-1.jpeghttps://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2024/06/20240619_101620.png

साइबर थानाधिकारी शालिनी बजाज और पुलिस निरीक्षक रमेश कुमार सर्वटा के नेतृत्व मे 50 लाख की साइबर ठगी का नेटवर्क बेनकाब,

 

 

 

बीकानेर, 22 जून। बीकानेर पुलिस ने साइबर अपराध और संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात रोहित गोदारा गैंग के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर देशभर में साइबर ठगी से प्राप्त रकम को अपने बैंक खातों में प्राप्त कर उसे हवाला और क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से गैंग के अन्य सदस्यों तक पहुंचाने का आरोप है।

पुलिस अधीक्षक बीकानेर द्वारा चलाए जा रहे विशेष साइबर अभियान के तहत साइबर थाना बीकानेर ने यह कार्रवाई की। साइबर थानाधिकारी शालिनी बजाज आरपीएस के सुपरविजन तथा पुलिस निरीक्षक रमेश कुमार सर्वटा के नेतृत्व में टीम ने रामपुरा बस्ती निवासी संदीप स्वामी (32) और मुकेश बिश्नोई (28) को गिरफ्तार किया।

साइबर ठगी की रकम को क्रिप्टो और हवाला से पहुंचाते थे गैंग तक

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी साइबर ठगी गिरोहों के साथ मिलकर देश के विभिन्न राज्यों के लोगों से ठगी कराई गई रकम को अपने एवं गैंग के अन्य सदस्यों के बैंक खातों में जमा करवाते थे। इसके बाद फ्लोक्सी पे (Flocksy Pay) नामक एप्लीकेशन के क्लोन टूलकिट की सहायता से राशि को क्रिप्टोकरेंसी में परिवर्तित कर गैंग के अन्य सदस्यों तक पहुंचाया जाता था। इसके अलावा हवाला नेटवर्क का भी उपयोग किया जाता था।

साइबर ठगी के पैसों से खरीदे जाते थे अवैध हथियार

पुलिस के अनुसार गैंग के अन्य सदस्य साइबर ठगी से प्राप्त रकम का उपयोग अवैध हथियार खरीदने तथा आपराधिक गतिविधियों को संचालित करने में करते थे। यही नहीं, गैंग के सदस्य हथियारों के बल पर अवैध वसूली जैसी वारदातों को अंजाम देने के लिए आर्थिक सहायता भी प्राप्त करते थे।

23 एनसीआरपी शिकायतें, 50 लाख रुपये का लेनदेन

जांच में पता चला कि आरोपियों के बैंक खातों के विरुद्ध देश के विभिन्न राज्यों से कुल 23 एनसीआरपी (राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल) शिकायतें दर्ज हैं। इन खातों में लगभग 50 लाख रुपये की साइबर ठगी की राशि जमा होना सामने आया है। पुलिस गैंग से जुड़े अन्य बैंक खातों और सदस्यों की भूमिका की भी गहन जांच कर रही है।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया

पुलिस पूछताछ में पता चला कि संदीप स्वामी के खिलाफ मारपीट, धोखाधड़ी, अपहरण, जान से मारने की धमकी और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर मामलों में चार आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वहीं मुकेश बिश्नोई के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी और अवैध हथियार रखने का एक मामला दर्ज है। दोनों आरोपियों के रोहित गोदारा गैंग के सक्रिय सदस्य होने की पुष्टि हुई है।

बीकानेर पुलिस की आमजन से अपील

बीकानेर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे थोड़े से कमीशन या लालच में आकर अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या मोबाइल सिम किसी भी अनजान व्यक्ति को उपयोग के लिए न दें। ऐसा करना कानूनन अपराध है और इससे व्यक्ति स्वयं भी आपराधिक मामलों में सह-आरोपी बन सकता है।

पुलिस ने यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति आपके दस्तावेजों के आधार पर बैंक खाता खुलवाने या किसी अन्य वित्तीय गतिविधि के लिए प्रलोभन देता है तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को दें।

साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।