

योग विद्यार्थियों ने दिया राष्ट्रभक्ति, एकता और स्वस्थ जीवन का संदेश

21 जून को डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में होगा जिला स्तरीय योग दिवस समारोह
बीकानेर, 19 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिले में योग जागरूकता गतिविधियां निरंतर आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को आयुर्वेद विभाग एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय आयुर्वेद योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा एकीकृत महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा शहर के प्रमुख पर्यटन एवं सांस्कृतिक स्थलों पर विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए।
योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष शेषमा के निर्देशन में विद्यार्थियों ने ऐतिहासिक जूनागढ़ किले के समीप स्थित महाराजा श्री डूंगर सिंह जी की स्मृति स्थल पर तिरंगे के तीन रंगों में ‘ॐ’ की आकर्षक आकृति बनाकर सामूहिक योगाभ्यास किया। विद्यार्थियों ने योग के माध्यम से देशभक्ति, शांति, प्रेम, एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। ऐतिहासिक धरोहर की पृष्ठभूमि में आयोजित इस विशेष योगाभ्यास ने भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और राष्ट्र प्रेम के मूल्यों को सशक्त रूप से अभिव्यक्त किया।
इसके पश्चात विद्यार्थियों ने पब्लिक पार्क स्थित ‘आई लव बीकानेर’ स्थल के समक्ष भी विभिन्न योगासनों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने वृक्षासन, त्रिकोणासन, शीर्षासन तथा अन्य योग मुद्राओं का सामूहिक अभ्यास कर आमजन को योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। शहर की पहचान बन चुके इस स्थल पर आयोजित योगाभ्यास ने राहगीरों, पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों का ध्यान आकर्षित किया तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में मात्र दो दिन शेष रहने का संदेश देते हुए 21 जून को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह में अधिकाधिक संख्या में भागीदारी की अपील की।
इस अवसर पर पर्यटन विभाग की ओर से सहायक निदेशक महेश कुमार व्यास, आयुर्वेद विभाग के सहायक निदेशक डॉ. रिडमल सिंह राठौड़, डॉ. कौशल्या सैनी, डॉ. हरिराम शर्मा, डॉ. इरशाद रफीक एवं डॉ. राजकुमार कुमावत उपस्थित रहे।
21 जून को होगा जिला स्तरीय मुख्य समारोह
आयुर्वेद विभाग के उप निदेशक एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के जिला नोडल अधिकारी डॉ. पवन कुमार पारीक ने बताया कि 21 जून को प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। उन्होंने जिलेवासियों से अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर योग को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
डॉ. पारीक ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ है। इसी थीम के अनुरूप जिलेभर में विभिन्न योग एवं जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। साथ ही 2 मई से 20 जून तक 50 दिवसीय योग दिवस काउंटडाउन अभियान के तहत जिले के सभी आयुष संस्थानों, तहसील मुख्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
