बीकानेर, 8 मई। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे ने शुक्रवार को बामनवाली ग्राम पंचायत क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न विकास एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंचायत भवन, मनरेगा एवं एसएफसी मद से विकसित सार्वजनिक पार्क, प्रकाश व्यवस्था, विद्यालय पुस्तकालय तथा ओपन जिम का अवलोकन किया। ग्रामीणों से संवाद करते हुए योजनाओं की उपयोगिता एवं व्यवस्थाओं संबंधी फीडबैक लिया।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी योजना के तहत स्वीकृत कन्वेंशन हॉल एवं मॉर्डन लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। मॉर्डन लाइब्रेरी में उपस्थित बेटियों से संवाद करते हुए उन्होंने शिक्षा, पुस्तक पठन एवं डिजिटल संसाधनों के महत्व पर चर्चा की तथा छात्राओं को नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया। राजकीय महाविद्यालय में डी एम एफ टी के तहत स्वीकृत हॉल का निरीक्षण किया।
इसके पश्चात उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी योजना के अंतर्गत विकसित हो रहे भगत सिंह स्टेडियम के कार्यों का जायजा लिया। विधायक निधि से निर्मित सार्वजनिक बस स्टैंड का भी निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। दौरे के दौरान उन्होंने क्षेत्र की विश्व प्रसिद्ध खारे पानी की झील का निरीक्षण कर उसके संरक्षण एवं पर्यटन संभावनाओं पर भी चर्चा की।
पंचायत समिति सभागार में आयोजित बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में विकास अधिकारी श्री किशोर कुमार, सहायक अभियंता श्री जगदीश चौधरी, पूर्व प्रधान श्री कानाराम गोदारा, श्री उमाशंकर सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
