एसपी मेडिकल कॉलेज में बड़ा प्रशासनिक बदलाव: डॉ. गुंजन सोनी बने टी.बी. एवं चेस्ट विभागाध्यक्ष

बीकानेर राजस्थान
Spread the love
https://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2023/11/nvvoqa38.pnghttps://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2024/06/20240619_101620.pnghttps://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2024/12/IMG_20241216_191235.png

 

प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र कुमार ने जारी किए आदेश, श्वसन रोग विभाग को मिले अनुभवी नेतृत्व की जिम्मेदारी

 

 

बीकानेर, 01 मई 2026। सरदार पटेल आयुर्विज्ञान महाविद्यालय (एसपी मेडिकल कॉलेज), बीकानेर के टी.बी. एवं चेस्ट (श्वसन रोग) विभाग में महत्वपूर्ण प्रशासनिक परिवर्तन किया गया है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र कुमार द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार वरिष्ठ आचार्य डॉ. गुंजन सोनी को विभागाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति को विभागीय कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, व्यवस्थित और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

कार्यालय आदेश के अनुसार, राजस्थान सरकार के पूर्व आदेश के तहत डॉ. माणक चन्द गुजरानी को टी.बी. एवं चेस्ट विभाग का विभागाध्यक्ष पद 15 अक्टूबर 2024 से 14 अक्टूबर 2026 तक अथवा विभाग में वरिष्ठ आचार्य की उपलब्धता तक सौंपा गया था। अब विभाग में वरिष्ठ आचार्य के रूप में डॉ. गुंजन सोनी की उपलब्धता के बाद प्रशासनिक जिम्मेदारी उन्हें हस्तांतरित कर दी गई है।

 

डॉ. गुंजन सोनी इससे पूर्व भी विभागाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। राज्य सरकार द्वारा जारी आदेशानुसार उन्हें 17 मार्च 2021 से दो वर्ष की अवधि के लिए विभागाध्यक्ष नियुक्त किया गया था, लेकिन बाद में प्रधानाचार्य पद पर नियुक्ति के चलते वे इस पद पर केवल 1 वर्ष 6 माह 29 दिन तक ही कार्य कर सके थे। अब पुनः उन्हें विभाग की कमान सौंपे जाने से विभाग को उनके अनुभव और नेतृत्व का लाभ मिलेगा।

 

नवीन आदेश के तहत डॉ. गुंजन सोनी 30 अप्रैल 2026 से 30 सितंबर 2026 तक अथवा नियमित नियुक्ति, स्थानांतरण, सेवानिवृत्ति या अन्य प्रशासनिक परिस्थितियों तक विभागाध्यक्ष पद पर कार्यरत रहेंगे।

 

विभागाध्यक्ष के रूप में डॉ. सोनी की जिम्मेदारियों में विभाग के समस्त प्रशासनिक कार्यों का संचालन, चिकित्सा सेवाओं की निगरानी, स्टाफ प्रबंधन, शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन तथा अस्पताल की विभिन्न इकाइयों—आईपीडी, ओपीडी, आईसीयू और इमरजेंसी सेवाओं—को सुचारू एवं प्रभावी बनाए रखना शामिल होगा।

 

मेडिकल कॉलेज प्रशासन का मानना है कि डॉ. सोनी के नेतृत्व में विभाग में चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता और प्रशासनिक दक्षता में और अधिक सुधार होगा। आदेश जारी होने के बाद श्वसन रोग विभाग के डॉक्टर्स, रेजिडेंट्स, नर्सिंग ऑफिसर्स तथा अन्य कार्मिकों ने डॉ. गुंजन सोनी को शुभकामनाएं एवं बधाई दी।

 

यह नियुक्ति न केवल विभागीय प्रशासनिक मजबूती का संकेत है, बल्कि बीकानेर संभाग में श्वसन रोग उपचार सेवाओं को और अधिक बेहतर बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।