पत्रकारों ने उठाई आवाज: भूखंड आवंटन में पारदर्शिता और क्राउन पार्क वापसी की मांग

बीकानेर, 1 मई । शहर के पत्रकारों ने अपने अधिकारों को लेकर एकजुटता दिखाते हुए प्रशासन के समक्ष जोरदार आवाज बुलंद की। जर्नलिस्ट एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (जार), बीकानेर इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलक्टर एवं बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) अध्यक्ष निशांत जैन को ज्ञापन सौंपकर पत्रकारों के लिए भूखंड आवंटन प्रक्रिया में पारदर्शिता, समानता और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में स्पष्ट किया कि बीकानेर में अब तक केवल दो बार पत्रकारों को भूखंड आवंटित किए गए हैं, जबकि बड़ी संख्या में पात्र और सक्रिय पत्रकार आज भी इस सुविधा से वंचित हैं। संगठन ने इसे प्रशासनिक उपेक्षा बताते हुए मांग की कि बीडीए की सभी विकसित कॉलोनियों में पत्रकारों के लिए आरक्षित भूखंडों को स्पष्ट रूप से चिन्हित कर निष्पक्ष और समयबद्ध आवंटन प्रक्रिया अपनाई जाए। साथ ही अब तक आरक्षित और आवंटित प्लॉटों का पूरा विवरण सार्वजनिक करने की मांग भी रखी गई।
जिला कलक्टर निशांत जैन ने बताया कि वर्तमान व्यवस्था में लॉटरी प्रक्रिया तक ही आरक्षण लागू रहता है। इस पर पत्रकारों ने राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजकर स्थायी समाधान निकालने की मांग की, जिस पर कलक्टर ने सकारात्मक प्रयास का भरोसा दिलाया।
वरिष्ठ पत्रकार अनुराग हर्ष के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय के माध्यम से विशेष शिविर आयोजित करने का सुझाव भी दिया, ताकि दस्तावेज सत्यापन कर पात्र पत्रकारों के मामलों में शीघ्र कार्रवाई हो सके।
ज्ञापन में पब्लिक पार्क स्थित पत्रकारों को पूर्व में आवंटित “क्राउन पार्क” को निजी फर्म को सौंपे जाने के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया गया। संगठन ने इसे पत्रकार हितों की अनदेखी बताते हुए पार्क को पुनः पत्रकार समुदाय को सौंपने की मांग की। कलक्टर ने इस मामले में भी परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पत्रकारों की इस एकजुट पहल ने स्पष्ट कर दिया है कि अब वे अपने अधिकारों और सम्मान से जुड़े मुद्दों पर निर्णायक संघर्ष के लिए तैयार हैं।
