टीकाकरण केंद्र का उद्घाटन: अब खेल-खेल में होगा बच्चों का टीकाकरण

बीकानेर राजस्थान
Spread the love
https://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2023/11/nvvoqa38.pnghttps://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2024/06/20240619_101620.pnghttps://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2024/12/IMG_20241216_191235.png

बीकानेर, 23 अप्रैल। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सर्वोदय बस्ती में आपणों टीकाकरण केंद्र यानी मॉडल इम्यूनाइजेशन सेंटर का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध द्वारा किया गया। इस केंद्र को विशेष रूप से इस प्रकार तैयार किया गया है कि टीकाकरण के लिए आने वाले नन्हे-मुन्ने बच्चे खुशनुमा और सकारात्मक वातावरण महसूस कर सकें। सीएमएचओ डॉ. साध ने बताया कि केंद्र पर बच्चों के खेलने के लिए खिलौने, रंग-बिरंगे चित्र और झूले लगाए गए हैं ताकि टीकाकरण के समय बच्चों का ध्यान दर्द की तरफ न जाए। साथ ही अभिभावकों के बैठने के लिए भी यहाँ पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

सुविधाओं का विस्तार और कोल्ड चेन सुदृढ़ीकरण:

सीएमएचओ डॉ. साध ने अस्पताल प्रभारी डॉ. बेनजीर अली के साथ टीकाकरण केंद्र, कोल्ड चेन रूम, नर्सिंग स्टेशन, ओपीडी और दवा वितरण केंद्र का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भवानी शंकर गहलोत ने बताया कि जिले में कुल तीन मॉडल टीकाकरण केंद्र बनने हैं, जिनमें से पहला सर्वोदय बस्ती में शुरू किया गया है। उन्होंने स्टाफ को कोल्ड चेन व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।

स्तनपान कॉर्नर और मनोरंजन की मिलेगी सुविधा:

डॉ. बेनजीर अली ने जानकारी दी कि जल्द ही इस केंद्र पर बच्चों के मनोरंजन के लिए एलईडी टीवी लगाया जाएगा और एक स्तनपान कॉर्नर भी विकसित किया जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर टीकाकरण से पहले बच्चों को स्तनपान करवाया जा सके। इस अवसर पर डॉ. सुनील जैन, डब्ल्यूएचओ के डॉ. अनुरोध तिवारी, यूएनडीपी के योगेश शर्मा, मालकोश आचार्य और भोजराज सिंवर ने भी केंद्र का निरीक्षण किया। उद्घाटन के दौरान लेखाकार गणेश राम उपाध्याय, मेलनर्स विपिन कुमार, एएनएम निशा सोनी, चांदनी कंवर, आशा सहयोगिनी कांतादेवी, मीना और कंप्यूटर ऑपरेटर आयशा सिद्दिका सहित अस्पताल का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।