बीकानेर अप्रैल 2026
5 हजार का इनामी साइबर ठग गिरफ्तार, पेट्रोल पंप से ऑनलाइन ठगी का मामला उजागर
बीकानेर। नाल थाना पुलिस ने साइबर फ्रॉड के एक मामले में फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पेट्रोल पंप के खाते में फर्जी ऑनलाइन ट्रांजेक्शन दिखाकर नकद राशि हड़पने के मामले में वांछित था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 अक्टूबर 2025 को आर.आर. पैट्रोलियम्स, नाल बाईपास रोड, बीकानेर के मैनेजर जयनारायण पुत्र रणछोड़राम निवासी रोडा, नोखा ने थाना नाल में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया कि उनके पेट्रोल पंप पर कार्यरत देवीलाल पुत्र सुरजाराम मेघवाल निवासी डाईयां के माध्यम से पेटीएम मर्चेंट आईडी का क्यूआर कोड भेजा गया था।
इसके बाद रमेश नामक व्यक्ति ने किसी अन्य व्यक्ति से पेट्रोल पंप के खाते में ऑनलाइन राशि ट्रांसफर करवाने का दावा किया और स्क्रीनशॉट भेज दिया। स्क्रीनशॉट के आधार पर जयनारायण द्वारा रमेश कुमार या उसके बताए अन्य व्यक्तियों को नकद राशि दे दी जाती थी। बाद में जांच में यह साइबर ठगी का मामला सामने आया, जिस पर प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज श्री ओमप्रकाश आईपीएस एवं पुलिस अधीक्षक बीकानेर श्री मृदुल कच्छावा आईपीएस के निर्देश पर साइबर फ्रॉड के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री चक्रवर्ती सिंह राठौड़, वृताधिकारी गंगाशहर श्री हिमांशु शर्मा तथा थानाधिकारी नाल श्री विकास बिश्नोई के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी सहायता और आसूचना संकलन के आधार पर आरोपी विकास पुत्र मोहनराम (26) निवासी गज्जेवाला, थाना रणजीतपुरा, जिला बीकानेर को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक बीकानेर द्वारा 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। फिलहाल मामले में अनुसंधान जारी है।
