बीकानेर, 25 मार्च। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता दिनांक 1 जनवरी 2026 के संदर्भ में नगर निगम चुनाव-2026 के तहत निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन 24 मार्च को किया गया। इसके संबंध में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बुधवार को निर्वाचक पंजीयन अधिकारी, नगर निगम बीकानेर पश्चिम रमेश देव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई।
बैठक में शहर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल, संगठन महासचिव प्रहलाद सिंह मार्शल, आम आदमी पार्टी के उपाध्यक्ष संजय पाल आदि मौजूद रहे। उन्होंने मान्यता प्राप्त राजनैनिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचक नामावली की साॅफ्ट काॅपी, मतदान केन्द्रों और प्रगणकों की सूची उपलब्ध करवाई। उन्होंने बताया कि दावे और आपत्तियां प्रस्ततु करने की अंतिम तिथि 7 अप्रैल है। अंतिम तिथि से पूर्व मतदाता मतदान केन्द्र पर उपस्थित होकर निर्वाचक नामावली का निरीक्षण कर सकता है।
प्रारूप प्रकाशन के समय वंचित मतदाता अंतिम तिथि से पूर्व अपना नाम पंजीयन करने के लिए आवेदन कर सकते हैं। सभी प्रगणक, विशेष अभियान की तिथि 29 मार्च और 5 अप्रैल, रविवार को सुबह 10 से शाम 6 बजे तक तथा शेष अवधि में दोपहर 2 बजे पश्चात् शाम 6 बजे तक मतदान केन्द्रों पर उपस्थित होकर दावे-आपत्तियां प्राप्त करेंगे। उन्होंने बताया कि निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 22 अप्रैल को किया जाएगा। उन्होंने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को दावे और आक्षेप देने के लिए फार्म 3, 5 और 6 की जानकारी दी। सभी प्रतिनिधियों को अपने-अपने दलों के कार्यकर्ताओं को संबंधित प्रगणक को सहयोग देने की अपील की।
