दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया, परीक्षा व्यवस्थाओं और मूल्यांकन कार्य का लिया जायजा

बीकानेर संभाग
Spread the love
https://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2023/11/nvvoqa38.pnghttps://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2024/06/20240619_101620.pnghttps://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2024/12/IMG_20241216_191235.png

 

 

बीकानेर, 14 मार्च। माध्यमिक एवं प्रारम्भिक शिक्षा निदेशक श्री सीताराम जाट ने शनिवार को संयुक्त निदेशक स्कूल शिक्षा कार्यालय तथा विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया।

 

संयुक्त निदेशक कार्यालय में उन्होंने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सीधी भर्ती-2024 के तहत चल रही दस्तावेज सत्यापन और पात्रता जांच प्रक्रिया का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं की जानकारी ली और सत्यापन कार्य में लगे कार्मिकों को प्रक्रिया को पारदर्शी व व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया के चौथे दिन 480 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें से 371 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि सत्यापन के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

 

उल्लेखनीय है कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती प्रक्रिया के तहत दस्तावेजों के सत्यापन का कार्य 11 मार्च से 11 अप्रैल तक किया जा रहा है, जिसमें बीकानेर मंडल के लगभग 13,559 अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी।

महारानी स्कूल का किया निरीक्षण

शिक्षा निदेशक ने महारानी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय समान परीक्षा एवं दक्षता आधारित परीक्षण का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा संचालन में उदासीनता और लापरवाही सामने आने पर संबंधित संस्था प्रधान और एक व्याख्याता के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

 

श्री जाट ने माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के मूल्यांकन केंद्र तथा कक्षा 8वीं और 5वीं बोर्ड के मूल्यांकन केंद्रों का औचक निरीक्षण कर मूल्यांकन कार्य को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

निदेशक श्री जाट ने राजकीय जेम्स थॉमस उच्च माध्यमिक विद्यालय, तुलसी सर्किल में भी राज्य समान परीक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया। यहां परीक्षा कार्य में लापरवाही पाए जाने पर दो शिक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त निदेशक श्री शैलेंद्र देवड़ा, स्टाफ ऑफिसर डॉ. अशोक शर्मा, संयुक्त निदेशक श्रीमती सुनीता चावला, सहायक निदेशक श्री गोमाराम जीनगर, दस्तावेज सत्यापन समिति के सचिव श्री राजेश जोशी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।